नगूरां गांव के पास मंगलवार देर रात को लगभग आठ बजे कैथल के क्योड़क गांव निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति सोनू की बेसहारा पशुओं से बाइक टकराने पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर अलेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शहर के नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया। जिसके बाद बुधवार सुबह परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
कैथल के क्योड़क गांव निवासी प्रदीप ने बताया कि उसका 40 वर्षीय भाई सोनू मंगलवार सुबह घर से बाइक पर सवार होकर रोहतक दवाई लेने के लिए गया था। जब वह शाम को वापस लौट रहा था तो नगूरां गांव के पास रात के अंधेरे में सड़क पर बेसहारा पशु दिखाई नहीं दिए और उसकी बाइक टकरा गई और वह बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी बुग्गी से फिर टकरा गया और नीचे गिरने से वह गंभीर रुप से घायल हो गया और जिसके बाद शहर के नागरिक अस्पताल में उसको पहुंचाया गया, लेकिन वहां पर चिकित्सकों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। अलेवा थाना प्रभारी बीरबल ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।