जींद। महाराजा अग्रसेन स्कूल में बुधवार को स्कूल की पूर्व छात्रा कैथल नगर परिषद की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग को सम्मानित किया गया। इस मौके पर हुए कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समां बांध दिया।
सुरभि गर्ग जींद के पूर्वमंत्री स्व. मांगेराम गुप्ता की पौत्री एवं महावीर गुप्ता की बेटी हैं। मांगेराम गुप्ता महाराजा अग्रसेन स्कूल के संस्थापक थे। सुरभि गर्ग ने इसी स्कूल से 12वीं तक की पढ़ाई की। इसके बाद उनकी शादी हो गई। सुरभि गर्ग ने कैथल में नगर परिषद चेयरपर्सन का चुनाव लड़ा और इसमें जीत हासिल की। स्कूल स्टाफ ने अपनी पूर्व छात्रा की इस कामयाबी पर उन्हें स्कूल में बुलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समा बांध दिया। विद्यालय के प्रधान महावीर गुप्ता ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। समारोह में कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य व अग्रवाल समाज के सभी गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने मांगेराम गुप्ता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी व कहा कि वह एक युगपुरुष थे, जिन्होंने सदा महिला शिक्षा पर जोर दिया। सुरभि गर्ग ने कहा कि वह अपने स्कूल में आकर बहुत गौरान्वित महसूस कर रही हैं।