जींद। शहरवासियों को नहर का पीने मुहैया करवाने के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना अब अंतिम चरण में है। इस योजना के अंतर्गत जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा बड़ौदी गांव के पास ली गई 36 एकड़ जमीन पर बाड़बंदी के लिए शुक्रवार को टेंडर जारी किए जाएंगे। अधिकारियों का दावा कि इस परियोजना की डीपीआर लगभग तैयार है। शहर में 19 बूस्टिंग स्टेशन से 50 जोन बनाकर पेयजल मुहैया करवाया जाएगा।
जनस्वास्थ्य विभाग अब तक शहर के लोगों को ट्यूबवेल पर आधारित पेयजल मुहैया करवा रहा है। यह पानी काफी खारा है। यह पानी पीने से लोगों को दांत खराब हो रहे हैं। फ्लोराइड की मात्रा अधिक होने से स्वास्थ्य पर काफी विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। इसके अलावा इस पानी में टीडीसी की मात्रा भी अधिक है। हुडा के सेक्टरों में लगभग एक लाख की आबादी में फिलहाल नहरी पानी पर आधारित पेयजल मुहैया करवाया जा रहा है। शेष शहर की ढाई लाख आबादी को नहरी पानी मुहैया करवाने के लिए यह योजना तैयार की गई थी। इसकी योजना की घोषणा लगभग चार वर्ष पहले हुई थी। इसके बाद बड़ा जलघर बनाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को लगभग 50 एकड़ जमीन की जरूरत थी। अब बड़ौदी गांव में 36 एकड़ जमीन जनस्वास्थ्य विभाग के नाम ट्रांसफर हो गई। दस एकड़ जमीन का मालिक जमीन देने से मना कर रहा है। अब जनस्वास्थ्य विभाग ने चकबंदी कानून के तहत इस जमीन पर अपना मालिकाना हक जताते हुए डीसी के माध्यम से सरकार को पत्र भेज दिया है। शहर में 19 बूस्टिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से 50 जोन बनाकर शहर को पेयजल सप्लाई दी जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 155 लीटर पानी देगा। बड़ौदी गांव में 63 एमएलडी क्षमता का रैपिड ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। इस प्लांट में पानी अपने आप साफ होगा और उसमें जरूरी दवा ऑटोमैटिक मशीनों द्वारा मिलाई जाएगी ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।
बॉक्स
नौ लाख रुपये से होगी बाड़बंदी
बड़ौदी गांव में 36 एकड़ की जो जमीन जनस्वास्थ्य विभाग को मिली है, उसका शुक्रवार को टेंडर होगा। इस जमीन पर लगभग नौ लाख रुपये में बाड़बंदी करके जनस्वास्थ्य विभाग अपना कब्जा कर लेगा। शेष 10 एकड़ जमीन भी जल्द ही जनस्वास्थ्य विभाग को मिलने की उम्मीद है। टेंडर के एक सप्ताह के अंदर बाड़बंदी का कार्य शुरू हो जाएगा।
बॉक्स
नरवाना सिरसा ब्रांच नहर के पास लगेगा पंपिग स्टेशन
बड़ौदी गांव में बनने वाले जलघर तक नरवानर सिरसा ब्रांच नहर से पानी की सप्लाई दी जाएगी। यहां पर जनस्वास्थ्य विभाग ने लोक निर्माण विभाग से 48 गुणा 32 मीटर आकार की जमीन ली है। इस जमीन पर पंपिंग स्टेशन बनेगा, जो सिरसा ब्रांच नहर से प्रैशर के साथ पानी को बड़ौदी में बनने वाले जलघर तक पाइपलाइनों के जरिये पहुंचाएगा। नहर से जलघर तक 40 इंच की पाइपलाइन डाली जाएगी।
वर्जन
परियोजना के लिए सर्व को काम पूरा हो चुका है। 36 एकड़ जमीन भी जनस्वास्थ्य विभाग को मिल चुकी है। अब इस जमीन की बाड़बंदी के लिए शुक्रवार को टेंडर छोड़े जाएंगे। इसके बाद इस जमीन पर जनस्वास्थ्य विभाग का कब्जा हो जाएगा और परियोजना का कार्य शुरू हो जाएगा।
-दलबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग।