जींद। हिंदू कन्या कॉलेज में चल रहे दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में हिंदू कन्या कॉलेज की टीम ने फाइन में एसडी कन्या कॉलेज नरवाना को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन के मौके पर मुख्यातिथि के रूप में चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर डॉ. नरेश देशवाल ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. पूनम मोर ने की।
डॉ. नरेश देशवाल ने कहा कि प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उनको आगे लाने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन जरूरी है। खेल खेलने से शरीर स्वस्थ तथा दिमाग तरोताजा रहता है। हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। खेल में हार से सीखने को अधिक मिलता है। जीत से बेशक सीख मिले, न मिले, लेकिन हारने वाली टीम को अपनी कमियों को पता चलता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलों का अपना महत्व है। अब छात्रों को चाहिए कि उनकी जिस खेल में रुचि हो वह उसे खेलें। प्राचार्य डॉ. पूनम मोर ने कहा कि प्रतियोगिता में हिंदू कन्या कॉलेज की खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हिंदू कन्या कॉलेज की टीम ने एसडी कॉलेज नरवाना की टीम को हराया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहानकर सम्मानित किया।
हिंदू कन्या कॉलेज प्रबंधन समिति के प्रधान डॉ. अंशुल सिंगला ने विजेता छात्राओं को को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह खिलाड़ियों की मेहनत का फल है, जिसके लिए वे पिछले कई दिनों से निरंतर अभ्यास कर रही थीं। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग इंचार्ज डॉ. नीलम, प्राध्यापिका मीना मलिक, मनीराम, दलबीर सिंह, सतीश पूनिया, रामपाल कोच, संदीप कोच मौजूद थे।
हिंदू कन्या काॅलेज में आयोजित प्रतियोगिता में दमखम दिखातीं महिला खिलाड़ी। संवाद
हिंदू कन्या काॅलेज में आयोजित प्रतियोगिता में दमखम दिखातीं महिला खिलाड़ी। संवाद