विधायक के आने की सूचना पर विरोध करने वाले किसानों से बातचीत करते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : Jind
जींद। भले ही कृषि कानून वापस होने के बाद किसान आंदोलन शांत है, लेकिन जिले में भाजपा व जजपा नेताओं का विरोध जारी है। मंगलवार शाम को नरवाना के हमीरगढ़ गांव में झज्जर रैली का निमंत्रण देने पहुंचे नरवाना के जजपा विधायक व खादी बोर्ड के चेयरमैन रामनिवास सुरजाखेड़ा का किसानों ने विरोध किया। अधिकारियों के अनुसार, किसानों के एकत्रित होने से पहले ही विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा यहां से निकल चुके थे, लेकिन इस दौरान यहां पहुंचे जजपा नेताओं को किसानों ने घेरे रखा। प्रशासन व किसानों के बीच चली लंबी बातचीत के बाद नेताओं को जाने दिया।
दरअसल, झज्जर में होने वाली जजपा की रैली को लेकर विधायक रामनिवास सुरजखेड़ा मंगलवार रात को निमंत्रण देने हमीरगढ़ गांव पहुंचे थे। शाम करीब छह बजे किसानों ने यहां हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान सुरजाखेड़ा अपने कार्यकर्ता कुलदीप के घर थे। स्थिति भांपते हुए प्रशासन ने निजी वाहन से विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा को यहां से निकाल दिया। इसके बाद काफी संख्या में किसान यहां जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर मौके पर मौजूद अधिकारियों ने किसानों से कहा कि विधायक जा चुके हैं। कुछ लोगों को घर के अंदर ले जाकर दिखाया गया। इसके बाद किसान शांत हुए। वहीं किसान नेता सुनील बद्दोवाल ने बताया कि भाजपा व जजपा नेता जानबूझकर माहौल खराब कर रहे हैं। जब तक किसान आंदोलन जारी है, नेताओं का विरोध जारी रहेगा।
बॉक्स
मैं गांव में कार्यक्रम संपन्न कर निकल चुका था। इसके बाद यहां कुछ लोगों ने नारेबाजी की है। यह गांव के कुछ लोगों का निजी मामला है।
- रामनिवास सुरजखेड़ा, जजपा विधायक, नरवाना।