गांव धमतान साहिब के पीएचसी के बाहर वीरवार को एक गर्भवती महिला ने ऑटो में ही बच्ची को जन्म दे दिया। हालांकि जच्चा और बच्ची दोनों की स्थिति सामान्य है। परिजनों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली के खिलाफ भारी रोष है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है। गर्भवती महिला के परिजन अजीत, अनीता, केलो देवी ने बताया कि कुलबीर की पत्नी कविता गर्भवती थी और वीरवार सुबह उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। इस कारण महिला को धमतान के पीएचसी के डिलीवरी हट लाया गया।
परिजनों का आरोप है कि पीएचसी में मौजूद कर्मियों के चेकअप नहीं किया। महिला का अल्ट्रासाउंड नहीं होने का कारण बताया। महिला को दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने बताया कि कविता ने दूसरे अस्पताल रवाना होने से पहले ही आटो में बच्ची को जन्म दे दिया। गर्भवती महिला के पति कुलबीर ने कहा गरीबी के कारण ही सरकारी अस्पताल लाया गया था, लेकिन सरकारी अस्पताल में उसकी किसी ने नहीं सुनी। कुलबीर ने कहा कि धमतान पीएचसी स्टाफ के कारण कविता को परेशानी हुई।
धमतान साहिब गांव के पीएचसी में डिलीवरी की सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। महिला स्टाफ में से एक छुट्टी पर है। फिलहाल किसी कर्मी से बात नहीं हो पाई। ऑटो में बच्ची के जन्मे जाने के मामले की पूरी जांच की जाएगी। -शशि सिंगला, एसएमओ उझाना