हरियाणवी फिल्म सतरंगी 26 अगस्त को रिलीज होगी। फिल्म के प्रमोशन के लिए निर्देशक संदीप शर्मा, एक्ट्रेस नर्गिस नांदल, कलाकार शौकीन और सुल्तान फिल्म में सलमान खान के पिता की भूमिका निभाने वाले नवीन ओहल्याण जींद पहुंचे। इन्होंने हरियाणा के लोगों से आह्वान किया कि वे फिल्म देखकर हरियाणवी फिल्म को सम्मान दें, ताकि भविष्य में भी यह सिलसिला चलता रहे।
मूल रूप से जींद निवासी संदीप शर्मा ने कहा कि फिल्म पूर्ण रूप से हरियाणा के परिवेश पर आधारित है। फिल्म में यशपाल शर्मा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इसकी शूटिंग भी जींद के आसपास ही की गई है। संदीप शर्मा के अनुसार फिल्म के माध्यम से जहां बेटी बचाने का संदेश दिया गया है, वहीं मनोरंजन का भी पूरा पैकेज है। फिल्म में मैसेज, म्यूजिक और मसाला का पूरा मिश्रण है। संदीप शर्मा और नवीन ओहल्याण ने दावा किया कि यह फिल्म परिवार के साथ बैठकर देख सकेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की अश्लीलता नहीं है।
बाप बेटी की कहानी
फिल्म के निर्देशक और लेखक संदीप शर्मा के अनुसार फिल्म एक बाप बेटी की कहानी है। इसमें फिल्म में दिखाया गया है कि किस प्रकार बेटी अपनी मेहनत से सफल होती है। उसका भाई सफलता के लिए बाप की जमीन तक बेच देता है। फिल्म में दिखाया गया है कि जहां कन्या भ्रूण हत्या होती है, वहां बेटी किस प्रकार बाप का सहारा बनती है।
24 साल की तपस्या का परिणाम है सतरंगी
अमर उजाला से खास बातचीत में फिल्म के निर्देशक संदीप शर्मा ने कहा कि सतरंगी फिल्म उनकी 24 साल की तपस्या का परिणाम है। संदीप के अनुसार वह जींद के आसरी गेट पर पैदा हुए और यहीं की मिट्टी में पले-बढ़े। जींद से ही शिक्षा ग्रहण की और फिर 1992 में मुंबई चले गए। जब उन्होंने हरियाणवी फिल्म बनाने की सोची तो जींद के दोनों सिनेमा हॉल भारत और कुंदन बंद हो चुके थे। ऐेसे में उनका सपना टूट गया, लेकिन अपना काम जारी रखा। फिर जैसे ही पता चला कि जींद में मल्टीप्लेक्स बन गया है तो फिर फिल्म बनाने की योजना शुरू की। इसी मेहनत का परिणाम फिल्म ‘सतरंगी’ के तौर पर सामने आया है। संदीप शर्मा के अनुसार उन्होंने हरियाणा के जीवन को जिया है। खेत से भैंसों के लिए चारा ढोया है। यहां की मेहनत वाली जिंदगी देखी है। ऐसे में उन्होंने अपनी पहली फिल्म को हरियाणावी में बनाने का संकल्प लिया था, जो अब पूरा हो गया है।