हरियाणा के जींद में राजकीय पीजी कॉलेज में सोमवार को आयोजित प्रतिभा खोज समारोह में हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी के आने की अफवाह ने व्यवस्था बिगाड़ दी। कॉलेज में सपना चौधरी के कार्यक्रम को देखने के लिए विद्यार्थियों की भारी भीड़ उमड़ गई और कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही अनुशासन बिगड़ गया।
जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को बुलाकर विद्यार्थियों को कॉलेज से बाहर निकाला। प्रतिभा खोज कार्यक्रम कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होना था, लेकिन व्यवस्था के बिगड़ने से इसको गर्ल्स कॉमन रूम में करवाना पड़ा। जहां केवल प्रतिभागियों के साथ, वालंटियर और निर्णायक को ही इंट्री दी गई।
कॉलेज में प्रतिभा खोज कार्यक्रम की तैयारियां ग्राउंड में ही की गई थी, लेकिन सपना चौधरी के आने की अफवाह फैलने पर दूसरे कॉलेजों के विद्यार्थी व अन्य युवा भी कॉलेज में पहुंच गए। अचानक कॉलेज में बढ़ी भीड़ देखकर कॉलेज प्रबंधन सतर्क हो गया। ज्यादा भीड़ की वजह से कॉलेज में माहौल खराब न हो, इसके लिए विद्यार्थियों की भीड़ को कॉलेज से बाहर करके गेट बंद कर दिया गया और कॉलेज का पास देख कर ही विद्यार्थियों को प्रवेश दिया गया।
कॉलेज के बाहर खड़े छात्रों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और गोहाना रोड पर भी विद्यार्थियों की भीड़ की वजह से जाम की स्थिति बन गई। कॉलेज के बाहर विद्यार्थियों की भीड़ लगी होने की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और व्यवस्था को संभाला।
विद्यार्थी गेट पर आई कार्ड दिखाकर कार्यक्रम को देखने की गुहार लगाते रहे
सभी विद्यार्थियों को कॉलेज से बाहर निकालकर मुख्य गेट को बंद कर दिया गया, लेकिन कॉलेज के विद्यार्थी गेट पर खड़े होकर अपना कॉलेज का आईडी कार्ड दिखाकर कार्यक्रम को देखने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनको प्रवेश नहीं दिया गया। इन विद्यार्थियों को रोकने के लिए बाद में गेट पर पुलिस की तैनाती कर दी गई।
कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य सत्यवान मलिक ने बताया कि प्रतिभा खोज कार्यक्रम के दौरान जो बाहरी छात्र थे, उन्हें बाहर किया गया है। कॉलेज का माहौल खराब न हो और व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए ग्राउंड की जगह गर्ल्स कॉमन रूम में यह कार्यक्रम करवाया गया।