जिला की अनाज मंडियों एवं खरीद केंद्रों पर एक अप्रैल से गेहूं की खरीद का कार्य शुरू हो जाएगा। इसकी घोषण मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट़्टर कर चुके हैं, लेकिन जींद में अभी तैयारियां काफी ढीली हैं। हालांकि प्रशासन तैयारियों का दावा कर रहा है, जमीनी स्तर पर इनकी कलई खुल रही हैं। ऐसे में यदि प्रशासन की तैयारी ऐसी ही चली और एक अप्रैल से गेहूं आया तो गेहूं की बेकद्री हो सकती है। आलम यह है कि तीन दिन बचे हैं और अभी तक मंडियों के लिए खरीद एजेंसियां तक भी तय नहीं हैं। जिला में 34 मंडियों और खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद की जाती है। खरीद से पहले ही यहां खरीद करने वाली एजेंसियों को तय किया जाता है, लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हुआ है। वहीं कई ग्रामीण खरीद केंद्रों पर सफाई के नाम पर खानापूर्ति ही हो पाई है। शामलो कलां गांव, अलेवा व नगूरां में खरीद केंद्र की हालत दयनीय है। यहां बिजली पानी की सुविधा तो दूर, अभी तक ढंग से सफाई तक नहीं हो पाई है।
यहां होगी गेहूं की खरीद
जींद, जुलाना, पिल्लूखेड़, सफीदों, उचाना, नरवाना और अलेवा मंडियों के अलावा कई खरीद केंद्र भी बनाए जाते हैं, जिससे किसान अपने पास ही गेहूं की बिक्री कर सकें। ऐसे में एंचरा कलां, अलेवा, बरटा, बेलरखां, छात्तर, दनौदा कलां, ढाठरथ, धमतान, धनौरी, डिडवाड़ा, फरैण कलां, फतेहगढ़, गढ़ी, घोघड़ियां, हाट, काब्रछा, खरकरामजी, खरल, लुदाना, मंगलपुर, मुवाना, नगूरां, फूलियां कलां, राजपुरा, शामलो कलां, सिवाना माल, सुदकैन खुर्द और उझाना में भी खरीद केंद्र बनाए गए हैं।
छह लाख 23 हजार मीट्रिक टन गेहूं की आवक
पिछली बार जिले भर की मंडियों और खरीद केंद्रों पर छह लाख 23 हजार 230 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई थी। पिछले साल की तुलना में इस बार अधिक गेहूं आने की संभावना है। हालांकि पिछले साल एफसीआई ने गेहूं नहीं खरीदी थी, लेकिन इस बार एफसीआई गेहूं खरीदेगी।
नहीं आएगी कोई समस्या
किसानों को फसल बेचने में कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। मंडियों एवं खरीद केंद्रों में गेहूं खरीद को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। संबंधित अधिकारियों को साफ सफाई और अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के आदेश दिए गए हैं। किसानों को मंडियों और खरीद केंद्रों पर ठहरने की भी कोई दिक्कत नहीं होगी। -विनय सिंह, डीसी
जल्द अलॉट होंगी एजेंसियां
खरीद की अधिकतर तैयारियां पूरी हैं। खरीद एजेंसियां को मंडियों का आवंटन मुख्यालय स्तर पर होता है। जल्द ही यह भी कर दिया जाएगा। खरीद केंद्रों की सफाई करवाई जा रही है। जहां सफाई नहीं हुई है, वहां भी करवा दी जाएगी। -राकेश कुमार आर्य, डीएफएससी