नागरिक अस्पताल में जल्द सस्ती दवा उपलब्ध करवाए जाने को लेकर प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खुलवाने की स्वास्थ्य विभाग की तैयारी है। इससे उन मरीजों को लाभ होगा, जिनको किसी कारणवश अस्पताल में दवाई खत्म होने पर बाहर से महंगे दाम पर खरीदनी पड़ती थी। इसके अलावा दूसरे अस्पतालों में इलाज करवाने वाले मरीज भी यहां से सस्ते दाम पर दवा खरीद सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक की तरफ से इस बारे में सीएमओ व पीएमओ को पत्र जारी करके अस्पताल में जन औषधि केंद्र के लिए जगह चयनित करने के आदेश दिए। अस्पताल प्रशासन द्वारा शव गृह के नजदीक बनाई गईं दो दुकानों की जगह को सुझाया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पीएमओ कार्यालय ने पीडब्ल्यूडी कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखा है। इसमें लिखा गया है कि महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा के निर्देशानुसार जिला नागरिक अस्पताल में जन औषधि केंद्र संचालित किया जाना है। इसके लिए अस्पताल में दुकानों के एरिया मॉर्चरी के पास सीएससी के साथ 120 वर्ग फीट का एरिया है। इस जगह का दौरा कर जल्द भारतीय जन औषधि केंद्र बनाने का एस्टीमेट तैयार कर इस कार्यालय में भिजवाया जाए, ताकि स्वास्थ्य विभाग इसके लिए अपनी आगामी कार्रवाई शुरू कर सके।
नागरिक अस्पताल में 1500 से 1800 तक होती है ओपीडी
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 1500 से 1800 तक ओपीडी होती है। कई बार नागरिक अस्पताल में दवाइयों की कमी हो जाती है। इसके चलते कई दिन अस्पताल में मरीजों को बिना दवाइयों के लौटना पड़ता है और बाहर से महंगे दाम पर दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर होते हैं। जन औषधि केंद्र खुलन से मरीजों को अस्पताल में ही सस्ते दाम पर दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी।
जन औषधि केंद्र में मिलती हैं 1800 प्रकार की दवाइयां
जन औषधि केंद्र में करीब 1800 प्रकार की दवाइयां और 285 मेडिकल डिवाइस रखे जाते हैं। सबसे खास बात यह है कि ब्रांडेड दवाइयों की तुलना में जन औषधि केंद्रों पर 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाएं मिल जाती हैं। बाजार में मेडिकल स्टोर पर जो दवाई 100 रुपये की है, वह जन औषधि केंद्र पर 20 से 40 रुपये में उपलब्ध हो सकती है। इसका फायदा सबसे ज्यादा उन मरीजों को होगा, जिनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इस औषधि केंद्र का संचालन अस्पताल के चीफ फॉर्मेसी ऑफिसर करेंगे। यहां उपलब्ध जेनेरिक दवाओं की क्वालिटी ब्रांडेड दवाओं की तरह ही होती है।
नागरिक अस्पताल में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोला जाना है। इसे लेकर स्वास्थ्य महानिदेशक द्वारा दिशा-निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों की पालना करते हुए पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता को पत्र लिखकर जगह का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है, ताकि जल्द बजट उपलब्ध करवा कर यहां जन औषधि केंद्र खुलवाया जा सके। इससे लोगों को सस्ती दर पर दवाइयां उपलब्ध होंगी।
-डाॅ. राजेश भोला, डिप्टी एमएस, नागरिक अस्पताल जींद।