जींद। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर व जींद के विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने रविवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनसुनवाई दरबार लगाकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान सड़क, गली, सीवर, बिजली, सफाई सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से संबंधित करीब 27 शिकायतें व समस्याएं आईं।
डॉ. मिड्ढा ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए। समाधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
जनसुनवाई के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। वहीं, जिन मामलों में विभागीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी करना जरूरी था उन्हें संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
डॉ. मिड्ढा ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सड़क, गली, सीवर, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं सीधे तौर पर लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित करती हैं। ऐसे मामलों में अधिकारियों को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई दरबार का मुख्य उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याएं रखने के लिए प्रभावी मंच मिल सके और संबंधित विभागों के माध्यम से उनका शीघ्र समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की कार्रवाई को भी गंभीरता से लिया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।