13जेएनडी05-लघु सचिवालय में निर्वाचन सुपरवाइजरों की बैठक लेते हुए एसडीएम जगदीश चंद्र। संवाद
नरवाना। एसडीएम एवं नरवाना विधानसभा के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन में निर्वाचन सुपरवाइजरों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में किया गया। बैठक में चुनाव कानूनगो नरेश कुमार ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से यह सुनिश्चित करवाएं कि वे प्रतिदिन बीएलओ एप पर लॉगिन करें।
साथ ही वोट बनाने के लिए प्राप्त फार्मों की समय पर जांच एवं सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि यदि फार्म में दी गई जानकारी संतोषजनक नहीं पाई जाती है तो बीएलओ उसे अस्वीकार करने के साथ स्पष्ट टिप्पणी अवश्य दर्ज करें। नरेश कुमार ने कहा कि बीएलओ को अपने कार्य में किसी भी प्रकार की पेंडेंसी नहीं रखनी चाहिए।
यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसकी जानकारी तुरंत कार्यालय में दें, ताकि समय पर समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो बीएलओ नियमित रूप से एप पर लॉगिन नहीं करेंगे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा किसी भी सुपरवाइजर के अधीन दस से अधिक बीएलओ नहीं होने चाहिए, जिससे कार्य का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। इस बैठक में कानूनगो जयपाल, निशांत, परमजीत, वीरेंद्र और कुश शर्मा मौजूद रहे।