नशे के दुष्प्रभाव, साइबर ठगी से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी दी, विद्यार्थियों को जागरूक किया, समाज में जागरूकता फैलाने का दिलाया संकल्प।
संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। नशा मुक्ति टीम ने शुक्रवार को सूर्य अकादमी में जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक नरेश कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। अकादमी के संचालक पंकज जांगड़ा, स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी भाग लिया।
उपनिरीक्षक नरेश कुमार ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल भुगतान से जुड़े साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। साथ ही हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, यातायात नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।