22जेएनडी01: आंगनबाड़ी केंद्र में महिलाओं के हाथ खड़े करवाकर भ्रूण लिंग जांच के खिलाफ लोगों को
- फोटो : Samvad
जींद। स्वास्थ्य विभाग हरियाणा की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जन जागरण अभियान के तहत वीरवार को गांव कसूहन के आंगनबाड़ी केंद्र व उप-स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं को एचपीवी टीकाकरण, गर्भावस्था के शुरुआती पंजीकरण, परिवार नियोजन और भ्रूण लिंग जांच के खिलाफ कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
बैठक में स्वास्थ्य सुदेश ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने महिलाओं को टीकाकरण संबंधी सही जानकारी अपनाने और अफवाहों से दूर रहने की सलाह दी। गर्भवतियों को समय पर पंजीकरण करवाने तथा अंतिम मासिक धर्म की तिथि स्वास्थ्य कर्मियों को बताने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिल सकें। नवविवाहित दंपतियों को परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान भ्रूण के लिंग की जांच करवाने या करने को कानूनन अपराध बताते हुए भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। अंत में महिलाओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संकल्प लिया। इस अवसर पर एएनएम सीमा और एमपीएचडब्ल्यू गुरमीत सिंह मौजूद रहे। संवाद