15जेएनडी08: एचकेआरएन कर्मियों को कार्यमुक्त करने के विरोध में धरने पर बैठे कर्मचारी। संवाद
नरवाना। हरियाणा सर्व पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से जल सेवाएं मंडल अधिकारी नरवाना के कार्यालय पर बुधवार को एचकेआरएन के कर्मियों को कार्यमुक्त करने के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरु किया गया। अध्यक्षता ब्रांच प्रधान विकास शयोकंद ने की, जबकि संचालन ब्रांच सचिव प्रदीप कुंडू ने किया।
प्रधान विकास श्योकंद ने कहा कि एचकेआरएन के कर्मियाें को जब तक दोबारा से सेवा सुरक्षा एक्ट से नहीं लगाया जाएगा, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि एचकेआरएन में हटाए गए अधिकतर कर्मचारी ऐसे हैं, जिनको विभाग में कार्य करते हुए 5 से 10 वर्ष हो चुके हैं। सरकार यह हवाला दे रही है कि हमारे द्वारा जिन कर्मियों को कार्यमुक्त किया गया है, उनको पांच वर्ष नहीं हुए हैं। राज्य महासचिव जरनैल सिंह ने कहा कि सरकार एचकेआरएन के कर्मियों के साथ दोहरी मानसिकता अपना रही है।
एक तरफ सरकार कर्मियों को जॉब सिक्यॉरिटी देने का वायदा करती है और दूसरी तरफ कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द एचकेआरएन कर्मचारियों को वापस रोजगार दिया जाए। अन्यथा जिला व राज्यस्तर पर भी आंदोलन करके सरकार से लड़ाई जारी रहेगी। इस अवसर पर विजेंद्र अत्री, राजेंद्र, सतीश कुमार भारद्वाज, मनदीप पीएच नरवाना, जिला उप प्रधान सेवा सिंह, सत्यवान सीआईटीयू, बलराज शर्मा मौजूद रहे।