नागरिक अस्पताल की ओपीडी का समय बढ़ा दिया गया है। इससे मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। सोमवार को जहां 276 मरीजों ने अपना इलाज करवाया था, वहीं मंगलवार को 350 लोग इलाज लेने पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों से मास्क लगाने तथा शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने की अपील की है।
बता दें कि 24 अप्रैल को स्वास्थ्य निदेशालय ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नागरिक अस्पतालों में ओपीडी का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे की बजाय सुबह आठ से 11 बजे तक कर दिया था। जिसकी वजह से अस्पताल में मरीजों की संख्या काफी कम हो गई थी। वैसे भी कोरोना का संक्रमण अधिक फैलने के कारण मरीज अस्पताल में कम ही आ रहे थे।
आम दिनों में नागरिक अस्पताल जींद में 1200 से 1300 मरीज प्रतिदिन आते थे। लेकिन ओपीडी का समय घटने के कारण 200 से 300 मरीज ही आ रहे थे। अब फिर से ओपीडी का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक कर दिया गया है। कोरोना का संक्रमण भी कम होने की वजह से अस्पताल में अन्य बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को नागरिक अस्पताल में 276 मरीजों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था जबकि मंगलवार को मरीजों की संख्या 350 तक पहुंच गई।
बॉक्स
दो महीने से अस्पताल में मरीजों की संख्या काफी कम हो गई थी। अब फिर से ओपीडी का समय बढ़ा दिया गया है। इसलिए मरीजों की संख्या बढ़ना लाजमी है। बिना मास्क के किसी भी व्यक्ति को अस्पताल में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इसके अलावा शारीरिक दूरी के नियम का पालन करवाने के लिए सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को नागरिक अस्पताल की ओपीडी में 350 मरीज पहुंचे।
डॉ. गोपाल गोयल, एसएमओ।