जींद। राजकीय महिला महाविद्यालय में शनिवार को दूसरे दिन सीआरएसयू नरवाना जोन का पांचवां क्षेत्रीय युवा समारोह रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निदेशक अनिल सैनी और प्राचार्य जय नारायण गहलावत ने किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसएसपी कुलदीप सिंह व विशिष्ट अतिथि पूर्व उप कुलपति डॉ. एके चावला ने शिरकत की। एसएसपी कुलदीप सिंह ने छात्राओं को हरियाणवी कला-संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि सामाजिक समरसता बनाए रखने में युवतियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अनुशासन और जिम्मेदारी को जीवन का मूल बताया।
डॉ. चावला ने कहा कि हरियाणवी संस्कृति की धरोहर अत्यंत समृद्ध है जिसे संरक्षित करने के लिए शिक्षा व संस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है। कार्यक्रम में पांच कॉलेजों राजकीय महिला महाविद्यालय जींद, छोटूराम किसान महाविद्यालय जींद, एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना, राजीव गांधी महाविद्यालय उचाना और केएम राजकीय महाविद्यालय नरवाना के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
तीन अलग-अलग मंचों पर विविध सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं गईं जिनमें कोरियोग्राफी, हरियाणवी रसिया, रिचुअल्स, पॉप सॉन्ग, आर्केस्ट्रा, ग्रुप डांस, मिमिक्री, माइम, संस्कृत ड्रामा, वेस्टर्न वोकल, इंस्ट्रुमेंटल व वन एक्ट प्ले शामिल थे।
पद्मश्री महावीर गुड्डू ने हरियाणवी कला को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणवी संस्कृति को उचित सम्मान दिलाने के लिए युवा पीढ़ी को आगे आना होगा। इस अवसर पर डॉ. सुमिता आशरी, डॉ. विजय कुमार, भावना और रवि कुमार, डॉ. राजेश बूरा, हिमांशु गर्ग, डॉ. सोनल जैन और ज्योति रही।
22जेएनडी23: कार्यक्रम में नृत्य करती हुई छात्रा। संवाद