05जेएनडी25: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का फोटो। संवाद
जींद। गर्मियों की छुट्टियां पूरी होने के बाद अब विद्यार्थियों को मध्याह्न भोजन योजना के तहत नई रेसिपी का स्वाद चखने को मिलेगा। इस योजना के तहत पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूलों के विद्यार्थियों को दोपहर का भोजन मिलता है। इसमें अब दही के साथ गुड़ और मिस्सी के पराठों का स्वाद मिलेगा।
मिड डे मील के नए शेड्यूल में व्यंजनों में गेहूं व दूध की मात्रा को बढ़ा दिया गया है, क्योंकि यह दोनों चीजें बढ़ते बच्चों के लिए अत्यंत जरूरी हैं। नए शेड्यूल के अनुसार पहले सप्ताह के शुक्रवार के दिन बच्चों को गुड़ रोटी के साथ दही का स्वाद चखने को मिलेगा। पुराने शेड्यूल के अनुसार इसी दिन हलवा और काला चने से बनी सब्जी दी जाती थी, जोकि इस बार हटा दिया गया है। बुधवार के दिन चावल व सफेद चने से बनी सब्जी विद्यार्थियों को मिलेगी, जबकि पुराने शेड्यूल के अनुसार इस दिन सोया पूरी, आलू से बनी सब्जी विद्यार्थियों को दी जाती थी।
नए शेड्यूल के अनुसार माह के दूसरे सप्ताह के बुधवार को चावल व सफेद चने से बनी सब्जी, वीरवार को पौष्टिक चना दाल खिचड़ी और शुक्रवार को पौष्टिक मिस्सी पराठा का स्वाद विद्यार्थियों को चखने को मिलेगा।जबकि पुराने शेड्यूल के अनुसार बुधवार को सोया पूड़ी व आलू से बनी सब्जी दी जाती थी।
वर्जन
मिड डे मील योजना के तहत अब विद्यार्थियों के खाने में बदलाव किया गया है। इसमें दूध व गेहूं की मात्रा को बढ़ाया गया है तो वहीं इस बार विद्यार्थियों को गुड़-रोटी के साथ दही व मिस्सी पराठा का स्वाद चखने को मिलेगा। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर मिड डे मील का शेड्यूल बनाया गया है। इसको स्कूल शुरू होते ही लागू कर दिया जाएगा।-डॉ. सुभाष वर्मा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।