उचाना। नचार खेड़ा गांव में पोर्टल पर मिली बिजली चोरी की शिकायत पर गई बिजली निगम की टीम को ग्रामीणों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीट दिया। घायल बिजलीकर्मियों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उचाना थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बिजली निगम की टीम को गांव नचारखेड़ा में बिजली की चोरी की शिकायत मिली थी। जिस पर टीम गांव नचारखेड़ा पहुंची। यहां टीम ने कार्रवाई शुरू की तो ग्रामीण बिजलीकर्मियों से उलझ गए और उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटने लगे।
बिजली निगम उचाना के जेई कृष्ण कुमार ने बताया कि बिजली चोरी की शिकायत ऑनलाइन पोर्टल से मिली थी। इसमें शिकायतकर्ता का नाम नहीं आता है। पूरे गांव में बिजली चोरी की चार शिकायतें थीं। नरेंद्र जेई, मनोज जेई, कुलबीर लाइनमैन, समुंद्र जेई समेत बिजली निगम की टीम जो शिकायत मिली थी उनको जांचने के लिए नचारखेड़ा गांव गई थी। दो शिकायत चेक कर ली थी। तीसरी शिकायत को चेक करने गए तो वहां पर ग्रामीणों ने पहले टीम के साथ बहस की और फिर पांच से सात मिनट में वहां काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। उन्होंने टीम में शामिल जेई व लाइनमैन को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बिजली निगम के जेई मनोज कुमार ने बताया कि तीन जेई, दो लाइनमैन गए थे। जब वो वीडियो बना रहे थे तो ग्रामीणों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की। इस दौरान तीन जेई व दो लाइनमैन घायल हुए हैं।
ग्रामीण बोले- नहीं हुई मारपीट
गांव नचारखेड़ा के सरपंच धर्मबीर ने बताया कि दोपहर को बिजली निगम के कर्मचारियों का फोन आया था और कहा कि गांव में ऑनलाइन माध्यम से शिकायत मिली थी। जब हम मौके पर पहुंचे तो गांव वालों ने हमारे साथ हाथापाई की। जब इस बारे में गांव वालों से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कोई हाथापाई नहीं हुई है, बस कहासुनी हुई थी। ग्रामीण शमशेर, जगत राम, राजेंद्र, सुभाष, रतन, सुजाना, रमेश ने कहा कि बिजली कर्मचारी गांव में आए हुए थे। उनसे पूछा कि क्या बात है तो कर्मियों ने बताया कि ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज हुई है। जिस पर हम चेकिंग करने के लिए आए हैं। जो शिकायत हुई है, वह दिखाने के लिए कहा तो बिजली कर्मियों ने दिखाने से मना कर दिया और कहा कि हम नहीं दिखा सकते। जिस घर में आए थे उस समय घर में कोई नही था, पूरा गांव बिजली का बिल भरता है। जानबूझकर ग्रामीणों को परेशान किया जा रहा है। किसी तरह की मारपीट नहीं हुई है।
कर्मचारी उपचार के लिए आए
नागरिक अस्पताल उचाना के डाॅ. योगेश ने बताया कि बिजली कर्मचारी उपचार के लिए आए हैं। उचाना ब्लॉक के नचार खेड़ा गांव में उनके साथ मारपीट हुई है। सभी कर्मचारियों को हल्की चोटें आईं हैं। एक को कान पर ज्यादा चोटें हैं। प्राथमिक चिकित्सा दे दी गई है।
वर्जन
मामले की पूरी जांच की जाएगी। जो भी नियमित कार्रवाई होगी वह की जाएगी।
कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी, उचाना