संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। उचाना मंडी के एक आढ़ती को व्हाट्सएप कॉल करके 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रकम न देने पर आढ़ती को गोली मारने की धमकी दी गई है। उचाना थाना पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर अनमोल बिश और प्रवीण के खिलाफ चौथ मांगने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
उचाना अनाज मंडी के आढ़ती सतनारायण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 मार्च की सुबह साढ़े नौ बजे उनके फोन पर एक व्हाट्सएप कॉल आई। रिसीव करने पर कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अनमोल बिश्नोई बताया। फिर उसने 20 लाख रुपये की रंगदारी (चौथ) दो दिन के अंदर देने को कहा है। उसने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी तो वह गोल मार देगा। सतनारायण ने पुलिस को बताया कि धमकी दिलवाने के पीछे गांव मोहनगढ़ छापड़ा निवासी प्रवीण का हाथ है। प्रवीण के साथ उसके बेटे का रुपयों का लेन देन रहा है, जिसके चलते प्रवीण उन्हें कई बार धमकी दे चुका है। उचाना थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि आढ़ती की शिकायत पर अनमोल बिश्नोई तथा प्रवीण के खिलाफ चौथ मांगने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।