07जेएनडी39-किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का चेकअप करती चिकित्सकों की टीम। संवाद
नरवाना। दातासिंह वाला बॉर्डर पर आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की हालत काफी नाजुक हो गई है। उनका पल्स रेट 38 से भी नीचे आ गया है। वहीं, ब्लड प्रेशर 114/98 और शरीर का तापमान 98 पर आ गया है। चिकित्सकों के अनुसार सोमवार रात डल्लेवाल की तबीयत बहुत ज्यादा बिगड़ गई थी।
उनका ब्लड प्रेशर 77/45 और पल्स रेट 38 से भी नीचे आ गया था। जब डल्लेवाल के पैरों को थोड़ा ऊपर उठाते हैं तो ब्लड प्रेशर थोड़ा बहुत स्थिर होता है। अन्यथा ब्लड प्रेशर और पल्स रेट बहुत नीचे चले जाते हैं। मंगलवार अलसुबह तक चिकित्सकों की वजह से ब्लड प्रेशर 95/70 पर थोड़ा बहुत स्थिर हो पाया। मंगलवार को भी हालत बहुत नाजुक बनी हुई है और किसी के साथ बात भी नहीं की।
किसान नेता अभिमन्यू कोहाड़ ने कहा कि परमात्मा न करे, यदि जगजीत सिंह डल्लेवाल के साथ कुछ अनहोनी हुई तो उसके बाद पैदा होने वाले हालात केंद्र सरकार संभाल नहीं पाएगी। इसलिए समय रहते केंद्र सरकार को किसानों के मुद्दों को गंभीरतापूर्ण तरीके से हल करना चाहिए। उनका कहना था कि 10 जनवरी को पूरे देश में गांव स्तर पर मोदी सरकार के पुतले जलाए जाएंगे, ताकि केंद्र सरकार को पता लग जाए कि आज गांवों के लोग एमएसपी गारंटी कानून के मुद्दे पर डल्लेवाल के संघर्ष को लेकर साथ खड़े हैं। उन्होंने बताया कि 13 जनवरी को नई खेती नीति के ड्राफ्ट की कॉपी देशभर में जलाई जाएंगी। इसके बाद 26 जनवरी को देशभर में किसानों के ट्रैक्टर सड़कों पर होंगे।