संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुक्रवार को हाई-स्पीड ट्रायल किया गया। ट्रेन जींद जंक्शन से सुबह साढ़े नौ बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। ट्रेन को 75 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया। इसके बाद ट्रेन ने दिल्ली से सोनीपत के बीच 120 किमी प्रति घंटे की गति से चार चक्कर लगाए।
हाइड्रोजन ट्रेन के आगे ट्रायल के दौरान सुरक्षा और तकनीकी परीक्षण के मद्देनजर दो डीजल इंजन लगाए गए। ट्रायल का उद्देश्य ट्रेन के विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच करना था। इस दौरान ट्रेन की गति, ब्रेकिंग सिस्टम, ट्रैक पर संतुलन, कंपन, सिग्नलिंग के साथ समन्वय और अन्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया। हाई-स्पीड रन के दौरान विशेषज्ञों की टीम ने प्रत्येक चरण की निगरानी की और आवश्यक तकनीकी आंकड़े एकत्र किए।
ट्रायल में शामिल रेलवे और आरडीएसओ टीम के अधिकारियों ने बताया कि जींद से दिल्ली तक के सफर में अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की गति को नियंत्रित रखते हुए विभिन्न परिस्थितियों में उसका प्रदर्शन परखा गया। दिल्ली–सोनीपत सेक्शन पर निर्धारित हाई स्पीड परीक्षण के तहत ट्रेन को 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चार बार दौड़ाया।
इस दौरान ट्रेन का ट्रायल संतोषजनक रहा। सफल परीक्षण के बाद रेलवे अधिकारी परीक्षण से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण करेंगे। यदि सभी तकनीकी मानक तय मानकों के अनुरूप पाए जाते हैं तो अगले चरण की औपचारिकताएं पूरी कर ट्रेन के नियमित संचालन की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। हाइड्रोजन ट्रेन शुक्रवार देर रात जींद पहुंची।