संवाद न्यूज एजेंसी
अलेवा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शाहपुर गांव में निरोगी हरियाणा योजना, एनीमिया मुक्त भारत तथा एनसीडी के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगूरां पीएचसी की मेडिकल आफिसर डॉ. दीक्षा यादव ने की। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 102 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की।
इस दौरान डॉ. दीक्षा यादव ने कहा कि निरोगी हरियाणा योजना का उद्देश्य गरीब व आर्थिक रूप से कमजोर जिनकी वार्षिक आय एक लाख 80 हजार से कम हो गंभीर बीमारी का पता लगाकर घर बैठे मुफ्त में इलाज करना है। इस योजना को छह भागों में बांटा गया है। इस स्कीम के तहत नागरिकों की आंख, दांत, संपूर्ण सामान्य जांच ऊंचाई, वजन, बीपी व लैब टेस्ट फ्री किए जाते हैं। वहीं एनसीडी कार्यक्रम के तहत 30 वर्ष से ऊपर आयु वाले लोगों की मधुमेह, कैंसर, श्वसन रोग, ह्रदय रोग, शुगर आदि बीमारियों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि गैर संचारी रोगों के फैलने का मुख्य कारण तंबाकू का अधिक सेवन, खराब खानपान, शराब का अत्यधिक सेवन, शारीरिक व्यायाम नहीं करने के अलावा वायु प्रदूषण आदि है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ पुरुषों में खून की मात्रा 12 से 16 ग्राम तथा महिलाओं में 11 से 14 ग्राम होनी चाहिए। जिन लोगों में खून की मात्रा 11 ग्राम से कम है वह एनीमिया के श्रेणी में आते हैं। इस अवसर पर स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र ढांडा, कृष्ण रेढू, सीएचओ साक्षी, एएनएम संतोष के अलावा पिंकी, पूनम, नीलम कुमारी व छात्राएं सलोनी, शिवानी आदि उपस्थित थी।