29जेएनडी21-घर-घर जाकर जागरूकता अभियान के तहत पानी की टंकी में मच्छर के लार्वा की जांच करते हुए
जींद। स्वास्थ्य विभाग को शुक्रवार को गांव मोरखी में एक डेंगू का एक मामला मिला है। इसके चलते डेंगू के मामले बढ़ कर 10 हो गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग को मलेरिया का भी एक मामला इस वर्ष मिला है। हालांकि चिकनगुनिया के मामले में राहत की खबर है कि एक भी मामला अब तक संज्ञान में नहीं आया है।
डेंगू का मामला सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से मोरखी व आसपास क्षेत्र में फॉगिंग करवाई जाएगी। डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया के बचाव की जानकारी दी गई। वहीं बुखार से पीड़ित लोगों की जांच के लिए रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए भिजवाए गए।
स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जहां दूषित पानी से होने वाली डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए पानी साफ करने वाली क्लोरीन की गोलियां, ओआरएस व जिंक की गोलियां भी वितरित की। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बिजेंद्र ढांडा ने बताया कि डेंगू के दस मामले हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की 200 से अधिक टीमें फील्ड में रह कर जांच कर रही हैं।