रोहतक रोड पर एटीएम के साथ की गई तोड़फोड़।
- फोटो : Jind
रोहतक रोड स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में शुक्रवार रात करीब दो बजे अज्ञात लोगों ने चोरी का प्रयास किया। रात के लगभग दो बजे एटीएम के शटर का ताला तोड़कर अंदर मशीन के साथ भी तोड़फोड की। पुलिस ने एटीएम चोरी के प्रयास के आरोप में बैंक के सहायक मैनेजर हितेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वहीं चोरों ने एटीएम कैबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और डीवीआर भी निकाल ली।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बैंक के सहायक मैनेजर हितेश ने बताया कि शुक्रवार रात को अज्ञात लोग रोहतक रोड स्थित एचडीएफसी बैंक की एटीएम मशीन से रुपये चोरी करने की नीयत से आए थे। इन लोगों ने एटीएम के शटर का ताला तोड़कर अंदर लोहे की रॉड व हथौड़े से मशीन को भी तोड़ दिया। इसके बाद वह लोग वहां से निकल गए। उन्होंने बताया कि इसमें नकदी की चोरी हुई है या नहीं। इसकी जांच के लिए बैंक की टीम आकर निरीक्षण करेगी। इसके बाद ही नुकसान का आंकलन होगा। शहर थाना प्रभारी रोहताश ढुल ने बताया कि एटीएम में घुसकर तोड़फोड़ करने के आरोप में सहायक मैनेजर हितेश की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो माह पहले भी गोहाना रोड पर उखाड़ा था एटीएम
लगभग दो माह पहले भी गोहाना रोड एक्सिस बैंक का एटीएम उखाड़ा था। इसमें सिविल लाइन थाना पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए यूपी के चार एटीएम चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की थी। इन पकड़े गए चोरों से प्रदेश में कई स्थानों पर एटीएम चोरी के मामलों को सुलझाया गया था।