संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। बस स्टैंड के पास स्थित ब्राह्मण धर्मशाला उचाना में आयोजित मासिक हवन एवं सत्संग कार्यक्रम में मार्केट कमेटी चेयरमैन नरेंद्र खरकभूरा ने हवन में पूर्ण आहुति डाली। खरकभूरा ने कहा कि हवन दुनिया का सर्वोत्तम कर्म है उनके लिए सौभाग्य की बात है कि आज उनको मुख्य यज्ञमान की भूमिका निभाने का मौका मिला।
2026 में प्रवेश करने वाले हैं इसके लिए अपने विधानसभा परिवार को धन-धान्य एवं सभी नफरतों से ऊपर उठकर देश के निर्माण का कार्य करने के लिए आह्वान करता हूॅं।
कार्यक्रम संयोजक मा. रामप्रसाद ने बताया कि प्रत्येक महीने के अंतिम रविवार के दिन ब्राह्मण धर्मशाला के अंदर प्रात 8 बजे से 9 बजकर 30 मिनट तक वैदिक परंपराओं के अंतर्गत हवन, सत्संग कार्यक्रम आयोजित करवाया जाता है। उन्होंने कहा कि आज हम अपनी संस्कृति की जड़ों से दूर होते जा रहे हैं। हम अपने परिवार और बच्चों को समय नहीं दे पा रहे हैं। जिसके कारण बच्चे भटक कर कुसंगति का शिकार होकर के कुकृत्य की ओर बढ़ रहे हैं।
सुनील शास्त्री ने बताया कि हवन हमें संगति, संस्कार देता है और दान करने की इच्छा में वृद्धि करता है। विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएवी स्कूल नरवाना के प्रिंसिपल गजेंद्र शर्मा ने टूटते परिवारों एवं बिखरते संबंधों पर प्रकाश डाला। रामलीला कलाकार चंद्रपाल शर्मा ने सुंदर भजन सुनाया। इस मौके पर सतप्रकाश एसडीओ, देशराज शर्मा, मुनिदेव, सज्जन अलीपुरा, साहिल शर्मा हरियाणवी, महावीर प्रसाद मौजूद रहे।