नरवाना। नवदीप स्टेडियम में बुधवार को हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेजिएट महिला और पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025-26 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता को हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट बरवाला द्वारा प्रायोजित किया गया है जबकि आयोजन की जिम्मेदारी गवर्नमेंट पीजी कॉलेज बरवाला, पंचकूला ने संभाली है।
प्रतियोगिता 11 से 13 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। पहले दिन की प्रतियोगिता का शुभारंभ आजाद स्पोर्ट्स क्लब के प्रधान भारत भूषण गुप्ता ने किया। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज बरवाला के प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र सिवाच ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के ठहरने व भोजन की पूरी व्यवस्था कॉलेज की ओर से की गई है।
विजेता टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 15 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। पुरुष वर्ग में हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई, सोनीपत, ऑल इंडिया जाट कॉलेज रोहतक, केएम राजकीय महाविद्यालय नरवाना और राजकीय महाविद्यालय भिवानी की टीमें मैदान में उतरी हैं। वहीं महिला वर्ग में राजकीय पीजी कॉलेज बरवाला, हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई सोनीपत, महारानी किशोरी जाट कॉलेज रोहतक और आदर्श कॉलेज भिवानी की टीमों ने हिस्सा लिया है। स्टेडियम इंचार्ज संदीप गोयत ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह में सेशन जज जगदीप लोहान मुख्य अतिथि रहेंगे। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।
चैंपियनशिप के पहले दिन खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दर्शकों ने भी स्टेडियम में पहुंचकर टीमों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करेगी और प्रदेश में हॉकी खेल को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी। इस मौके पर रोहतास पीटीआई, अनिल मोर आदि मौजूद रहे।
बाक्स
यह रहा पहले दिन की प्रतियोगिताओं का परिणाम
पहला मैच महिला वर्ग में एआई ऑल इंडिया जाट कॉलेज रोहतक और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हरियाणा राई, सोनीपत की टीम के बीच खेला गया जिसमें 2–2 से टीम बराबरी पर रही। दूसरा मैच आदर्श कॉलेज भिवानी और पीजी कॉलेज बरवाला के बीच खेला गया जिसमें भिवानी 5–0 से विजेता रही। तीसरा मैच पुरुष वर्ग में एआई ऑल इंडिया जाट कॉलेज रोहतक और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हरियाणा राई, सोनीपत की टीम के बीच खेला गया जिसमें 3–3 से टीम बराबरी पर रही। चौथा मैच पुरुष वर्ग में केएम राजकीय कॉलेज नरवाना और राजकीय कॉलेज भिवानी के टीम के बीच खेला गया जिसमें के एम कॉलेज ने 5–3 से जीत हासिल की। पांचवां मैच महिला वर्ग में राजकीय पीजी कॉलेज बरवाला और स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हरियाणा राई, सोनीपत की टीम के बीच खेला गया जिसमें 5–0 से स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हरियाणा राई, सोनीपत की टीम विजेता रही।