भिवानी रोड पर हेयर सैलून की दुकान पर काम सीखने वाले हिसार जिले के मिलकपुर गांव निवासी 20 वर्षीय अंकित की शुक्रवार रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में हिसार जिले के मिलकपुर गांव निवासी बिजेंद्र ने बताया कि उसका बेटा अंकित भिवानी रोड पर हेयर सैलून की दुकान पर काम करता था। वह प्रतिदिन सुबह घर से आता और शाम को वापस घर चला जाता था, लेकिन शुक्रवार रात को वह दुकान से कामकाज निपटाकर बाइक पर सवार होकर वापस घर जा रहा था। जब वह रामराय गांव के पास पहुंचा तो अज्ञात वाहन चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर घायल कर दिया। उनको रात को दस बजे सूचना मिली तो उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो उसका बेटा अंकित बेसुध हालात में पड़ा मिला। इस पर उसे जींद के नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए तो वहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर सड़क दुर्घटना को अंजाम देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।