03जेएनडी28: जंक्शन पर सुरक्षा को लेकर तैनात जीआरपी के कर्मचारी। स्रोत: जीआरपी
जींद। अमृतसर से दिल्ली जाने वाली ट्रेन को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जींद में सुरक्षा एजेंसियां दूसरे दिन मंगलवार को भी सतर्क रहीं। धमकी भरा ई-मेल अमृतसर पुलिस को भेजा था जिसमें ट्रेन में विस्फोट करने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन और गुजरने वाली ट्रेनों में व्यापक जांच अभियान शुरू कर दिया था।
मंगलवार को जीआरपी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते के साथ कोचों की तलाशी ली। प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय और आसपास के क्षेत्रों में भी सघन चेकिंग की गई।
अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वाले यात्रियों पर नजर रखी जा रही है।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि आमजन से अपील की गई है कि किसी भी लावारिस सामान या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने का आग्रह किया गया है।