जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित इंटर कॉलेज खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय महिला महाविद्यालय जींद की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। फाइनल मुकाबले में टीम को एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्राओं ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ मुकाबले खेले। फाइनल में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। खिलाड़ियों ने अंतिम क्षण तक जीत के लिए प्रयास किया, लेकिन टीम को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
प्राचार्य रणधीर सिंह ने खिलाड़ी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने जुझारूपन, आत्मविश्वास और समर्पण के साथ शानदार प्रदर्शन किया है।
उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्राओं को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजेश बूरा को भी बधाई दी। प्रतियोगिता के दौरान सीआरएसयू के डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स डॉ. नरेश देशवाल भी मौजूद रहे। महाविद्यालय परिवार ने टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।