जींद। पूर्व नगर पार्षद व स्थानीय कर सलाहकार जिले सिंह जागलान ने प्रदेश सरकार की ओर से एक दिसंबर से कलेक्टर रेट में 25 प्रतिशत की वृद्धि करने की निंदा की है।
उन्होंने कहा कि इसके कारण आम आदमी भारी बोझ पड़ेगा। गरीब आदमी के लिए मकान लेना दूभर हो जाएगा। लगातार दिन-प्रतिदिन खाद्य व अन्य दैनिक उपयोगी वस्तुओं की कीमतों में उछाल होने के कारण मध्यम वर्ग और गरीब परिवार को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में कलेक्टर रेटों में पांच से सात प्रतिशत की वृद्धि की जा रही थी, मगर अब सरकारी तौर पर कलेक्टर रेटों में लगभग 25 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि करके आम आदमी के ऊपर भारी बोझ डाल दिया गया है। कई कॉलोनियों में जमीन की कीमतें कम हैं, लेकिन कलेक्टर रेट बहुत ज्यादा लागू किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जन भावनाओं का आदर करते हुए व अलग-अलग काॅलोनियों की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए कलेक्टर रेट में की गई वृद्धि पर एक बार दोबारा से विचार किया जाए और इनमें कमी लाई जाए, ताकि आम आदमी को राहत मिल सके।