संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। वैश्य समाज अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि एक अक्तूबर को जींद होने वाली वैश्य संकल्प रैली ऐतिहासिक होगी। यह रैली हरियाणा में नया इतिहास रचेगी। वैश्य समाज हमेशा से ही केंद्र व प्रदेश सरकार का सहयोग करता आ रहा है लेकिन सरकार समाज के लोगों की अनदेखी कर रही है जिसे सहन नहीं किया जाएगा। सरकार अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में 20 प्रतिशत का कोट प्रबंधन को दे। गर्ग रविवार को निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अग्रोहा में महाराजा अग्रसेन के नाम पर 267 एकड़ में मेडिकल कॉलेज बनाया हुआ है। इसके लिए समाज ने रात-दिन मेहनत की, जिसका परिणाम यह है कि आज लगभग हर रोज तीन हजार ओपीडी मेडिकल कॉलेज में होती है। इसके बाद भी एमबीबीएस के छात्रों के दाखिले में समाज की प्रबंधन कमेटी का कोई कोटा नहीं है। जबकि सरकार को कम से कम 20 प्रतिशत कोटा मैनेजमेंट कमेटी को देना चाहिए। अग्रोहा को रेलवे लाइन से जोड़ना चाहिए। पिछले बजट में हिसार-अग्रोहा-सिरसा रेलवे लाइन की मंजूरी सरकार ने दे रखी है। महाराजा अग्रसेन का महल जो 125 एकड़ में बना था, वह अब टीले में तब्दील हो चुका है। इसकी खुदाई का काम शुरू कराना चाहिए। ताकि खुदाई में जो भी सामग्री निकले उसे अग्रोहा धाम में 30 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे दो भव्य म्यूजियम में रखा जा सके। सरकार को अग्रोहा के विकास की तरफ विशेष ध्यान देना चाहिए और अग्रोहा के विकास के लिए सरकार को विशेष पैकेज भी देना चाहिए। इस अवसर पर व्यापार मंडल जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर, डॉ. राजकुमार गोयल, ईश्वर गोयल, अशोक गोयल, रामबिलास मित्तल, पवन गर्ग, राधेश्याम, मुकेश गोयल, सुरेश गर्ग, मनीष गर्ग मौजूद रहे।