जींद। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष वर्मा के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय से दाखिला अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान सुभाष वर्मा ने कहा कि अभिभावकों को गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की बजाय अपने बच्चों का दाखिला सरकारी स्कूलों में करवाना चाहिए ताकि बच्चों को बिना किसी परेशानी के अच्छी और गुणवतापूर्वक शिक्षा मिल सके।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान जितेंद्र बेनिवाल ने बताया कि सरकारी स्कूलों में प्रशिक्षित और उच्च शिक्षित अध्यापक बहुत ही अच्छे ढंग से बच्चों को खेल खेल में उनकी रुचि के अनुसार शिक्षा देते हैं, जिससे बच्चे बिना मानसिक तनाव के गुणवतापूर्वक शिक्षा प्राप्त करते है और रट्टा से भी बचते हैं। पूर्व जिला प्रधान रूपेंद्र गोयत ने बताया कि सरकारी स्कूलों में बच्चों का दाखिला करवाने से अभिभावक निजी विद्यालयों की भारी भरकम फीस से बचकर अपना पैसा बच्चों के भविष्य के लिए लगा सकते हैं। सरकारी स्कूलों में बच्चों को बहुत सुविधाएं मिलती है, जिसका अभिभावकों को फायदा उठाना चाहिए। आज सरकारी स्कूलों के छात्र किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। इस अवसर पर राजेश खर्ब, महासचिव अश्वनी नैन, कोषाध्यक्ष अभिमन्यु रेढू, रामकेश, राजेश चहल, अनिल घिमाना, सुशील, देवीदयाल चहल मौजूद रहे।