अलेवा। प्रदेश के मनरेगा मेट व मजदूर अपनी मांगो को लेकर एक वर्ष से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार उन पर ध्यान नहीं दे रही है। यह बात शुक्रवार को मनरेगा मेट मजदूर समिति के पूर्व प्रवक्ता कृष्ण माजरा ने अलेवा ब्लॉक के खांडा, अलेवा व बिघाना गांव का दौरा कर मनरेगा मेट मजदूरों से कही।
उन्होंने कहा की जो भी पार्टी मनरेगा मेट मजदूरों को पूरा साल काम देकर 600 सौ रुपये दिहाड़ी, मनरेगा मेट मजदूर की मृत्यु होने पर 25 लाख रुपये मुआवजा राशि व मेट को पक्का करने का काम करेगी उसे मनरेगा मेट मजदूर वोट देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई को देखते हुए मजदूरों का इतना हक तो बनता है। उन्होंने कहा कि मनरेगा मेट मजदूर अपनी मांगों को लेकर एक साल से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उन पर ध्यान नहीं दे रही है। मनरेगा मेट मजदूर ये फैसला लेते हैं की जो पार्टी हमारी मांगों को पूरा करेगी चुनाव में उसे वोट करेंगे। मनरेगा मेट व मजदूर को खून के आंसू रुलाने और मुकदमा दर्ज करने वाली पार्टी को इस बार हरियाणा का मनरेगा मेट व मजदूर बाहर का रास्ता दिखाने का काम करेंगे। इस अवसर पर अजमेर सिंह, सुभाष कुमार, बलबीर सिंह, गुरमेल सिंह, सुनीता देवी, अनीता देवी, दिलबाग सिंह, सुनील कुमार, संतोष मौजूद रहे।