जींद। जेल के पास पानीपत रेलवे लाइन पर आरओबी का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। रविवार रात को यह वाहनों के लिए खोल दिया गया। हालांकि अभी इस पर कुछ काम चल रहा है, लेकिन सोमवार को वाहनों का निकलना शुरू हो गया। इससे शहर के लोगों को राहत मिलेगी और रोहतक रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा।
गौरतलब है कि करीब दो साल पहले आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। अब यह पुल तैयार हो गया है। इससे देवीलाल चौक और मिनी बाईपास पर यातायात कम होगा। फिलहाल लोगों को टूटे हुए रोहतक रोड से निकलना पड़ रहा था। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से आरओबी तैयार हुआ है। हालांकि आरओबी 30 नवंबर तक काम पूरा होना था, लेकिन इससे पहले ही आरओबी तैयार हो गया है।
शहर के लिए बाईपास जैसी सुविधा
फिलहाल भिवानी रोड, हांसी रोड व रोहतक रोड के लिए शहर के अंदर से या मिनी बाईपास से जाना पड़ रहा था। यह पुल शुरू होने से अब हांसी रोड, भिवानी रोड व रोहतक रोड के लिए सीधे बाहर से ही वाहन जा सकेंगे।
पिंडारा, भिवानी रोड आरओबी शुरू
इससे पहले इसी साल करीब छह महीने पहले भिवानी रोड आरओबी का काम पूरा हो गया था। इसके बाद करीब दो महीने पहले पिंडारा आरओबी व अब जेल वाला आरओबी शुरू हो गया है।