जींद रोडवेज डिपो की असंध जाने वाली बस पर अलेवा चौक पर चार युवकों ने हमला कर दिया। चालक ने पुलिस को इसकी शिकायत दे दी है।
बस चालक बीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह वीरवार को दोपहर एक बजे बस को जींद से असंध के लिए चला था। रास्ते में दो यात्री बस में चढ़े और दरवाजे पर खड़े हो गए। जब उन्हें दरवाजे से हटने के लिए कहा गया तो उन्होंने अलेवा चौक पर जाकर मारपीट करने की धमकी दी। जैसे ही बस अलेवा चौक पर पहुंची तो तीन-चार अन्य युवक हाथ में डंडे और बिंडे लिए खड़े मिले। अलेवा चौक पर बस रुकी तो युवकों ने बस पर हमला कर दिया। गनीमत रही की बस का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण खुला नहीं जिससे चालक को चोट नहीं आई। इस दौरान बदमाशों ने चालक की तरफ वाली खिड़की का शीशा तोड़ दिया। वहीं इस मामले में रोडवेज जीएम बिजेंद्र सिंह ने कहा कि इस मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया। अगर कोई शिकायत आती है उस पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को 500 मीटर की दूरी तय करने में लगे एक घंटे
बस पर हमले की सूचना पुलिस को देने के बाद भी पुलिस एक घंटा देर से पहुंची। बस लगभग एक घंटा चौक पर खड़ी रही। उसके बाद अलेवा पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि चौक से अलेवा थाना दूरी 500 मीटर पर है। घटना स्थल पर पुलिस ने पहुंचकर बस को अलेवा थाना में पहुंचाया।
अभी तक अलेवा चौक पर बस हमले की शिकायत पुलिस को नहीं मिली है। जैसे ही शिकायत मिलेगी नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजेंद्र सिंह, अलेवा थाना प्रभारी।