शराब ठेकेदार से मारपीट कर पिस्तौल के बल पर 1405000 रुपये लूटने के आरोप में एक नामजद व चार अन्य के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में ढिगाना निवासी शराब ठेकेदार वजीर ने बताया कि वह कई साल से शराब का ठेका लेता है। 18 दिसंबर को अपने गांव ढिगाना से रोहतक रोड स्थित शराब के ठेके पर जा रहा था। इस दौरान शामलों खुर्द गांव का जानकार मीतू व चार अन्य उसकी गाड़ी में बैठ गए। गाड़ी में बैठते ही पांचों ने उस पर पिस्तौल तानकर 15 लाख रुपये की मांग की। जब उसने देने से मना कर दिया तो उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पिस्तौल के डर से वह गाड़ी में रखे 435000 रुपये दे दिए। इसके बाद उन्होंने अपने दूसरे जानकार शराब ठेकेदार से आठ लाख रुपये मांगे। जानकार पवन के पास सात लाख 70000 हजार रुपये बने। इसके बाद उन्होंने पूरे 15 लाख रुपये देने का दबाव पिस्तौल के बल पर बनाए रखा। इसके बाद उन्होंने दो लाख रुपये अपने किसी दूसरे जानकार काठ मंडी स्थित शराब के ठेकेदार से मंगवाकर उनको दिए। इसके बाद उन्होंने दस लाख रुपये दो दिन में और देने की बात कही। पुलिस में शिकायत देेने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर उसे छोड़ दिया और दस हजार रुपये इलाज के लिए देकर चले गए।
पुलिस ने ढिगाना निवासी शराब ठेकेदार वजीर की शिकायत पर शामलो कलां निवासी मीतू व चार अन्य के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने व 1405000 रुपये लूटने के आरोप में मामला दर्ज किया है।