सफीदों। शहर में बदमाशों व लुटेरों को पुलिस का कोई खौफ नहीं है। बुधवार शाम बाजार में दो युवकों ने एक व्यापारी के साथ मारपीट कर चार हजार रुपये की नकदी व बाइक लूट ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
वहीं, दूसरी ओर क्षेत्र में 15 फरवरी को हुई एक वारदात का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है। इसमें दिखा गया है कि सात-आठ युवकों ने फास्ट फूड की दुकान पर गंड़ासी व डंडे से जमकर तोड़फोड़ की और वर्कर ललित, राहुल, मनोज, जितेंद्र, पिंकू पर धारदार हथियार से वार किए। इस दौरान दुकान के कारिंदों ने भी युवकों पर हमला किया। इसमें गांव साहनपुर निवासी युवक अजय, अंकुश खातला,आजाद गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हुए। तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने मामले में किसी के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
बुधवार रात हुई लूट की वारदात के पीड़ित पुरानी अनाज मंडी निवासी प्रभाष जैन ने पुलिस को बताया कि वह 17 फरवरी को शाम करीब सात बजे सफीदों के नागरिक अस्पताल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान दो युवक डंडे लेकर आए और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि युवक चार हजार की नकदी और बाइक लूट ले गए। सिटी थाना प्रभारी ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के जांच अधिकारी एएसआई सुभाष चंद्र ने कहा कि नागरिक अस्पताल सफीदों से 15 फरवरी को संदेश प्राप्त हुआ था। इसमें घायलों को रोहतक पीजीआई रेफर किया हुआ है। वह पीजीआई गए तो, उन्हें वहां कोई घायल नहीं मिला। बार-बार फोन करने के बाद भी दोनों पक्षों में से कोई बयान दर्ज नहीं करवा रहा।