जींद। सदर थाना नरवाना क्षेत्र के गांव नेहरा में जमीनी विवाद को लेकर छह लोगों ने एक परिवार के चार लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने दो महिलाओं से छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नेहरा गांव निवासी गुरसेवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 मई शाम को वह और उसकी बहन लवप्रीत घर के सामने बिजली के टूटे तार जोड़ रहे थे। उसी समय रामफल, रामदिया, सतनाम, प्रगट, अमरजीत और ओमी हथियार लेकर आए और उन्होंने आते ही उन पर हमला कर दिया। उसकी बहन को बाल पकड़कर घसीटा। उन्होंने शोर मचाया तो उसकी मां कमलजीत और भाई बिट्टू घर से बाहर आए तो हमलावरों ने उन्हें भी चोटें मारीं।
शिकायतकर्ता का कहना था कि रंजिश का कारण यह है कि उसकी बुआ किरण पाल ने अपने हिस्से की जमीन में से कुछ जमीन रामफल को बेच दी थी, लेकिन उस जमीन की वह बिजाई करते आ रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में रामफल, रामदिया, सतनाम, प्रगट, अमरजीत और ओमी के खिलाफ हमला करने, धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।