सफीदों में पानीपत रोड पर रहने वाले नदीम ने अपनी दो बेटियों की शादी के लिए साढ़े चार लाख रुपये व जेवरात घर में रखे हुए थे। 11 जून को उसकी दोनों बेटियों की शादी है। इसकेे लिए उन्होंने पैसे तथा जेवरात घर में पहले से ही तैयार रखे थे, ताकि शादी में कोई परेशानी न आए। 15 मई की रात को घर से साढे़ चार लाख रुपये व जेवरात चोरी होने पर उसके द्वारा वर्षों तक मेहनत कर कमाए पैसे व बेटी की शादी के अरमान पर पानी फिर गया। सफीदों शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव नांगल निवासी नदीम ने सफीदों शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सफीदों के पानीपत रोड पर किराये के मकान में रहता है। 15 मई की रात को वह परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहा था। रात को चोरों ने मकान में घुसकर साढ़े चार लाख रुपये, एक सोने की अंगूठी, दो जोड़ी कानों की बाली, दो जोड़ी पाजेब, एक मोबाइल फोन चोरी करके लिए। नदीम ने बताया कि उसने यह राशि 11 जून को अपनी दो बेटियों की शादी के लिए रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि वह खुद कबाड़ी का काम करता है। उसके पास दो भैंसें थीं, जिनको एक लाख रुपये में बेचा था। इसके अलावा 1.90 लाख रुपये कबाड़ी का सामान बेचने से मिले थे। 1.60 लाख रुपये उसने अपनी मेहनत से कई वर्षों तक जमा किए थे, ताकि बेटियों की शादी में कोई दिक्कत न आए। अब चोरों ने शादी से 20 दिन पहले ही उनकी जमा राशि तथा जेवरात को चोरी कर लिया। उनको चोरी की घटना का उस समय पता लगा जब सुबह उठकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और नकदी व जेवरात गायब थे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।