जींद। पीएम मोदी की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों के बीच जिला नागरिक अस्पताल की लंबे समय से लंबित स्वास्थ्य सुविधाएं तेजी से पूरी कर दी गईं। महज पांच दिनों के भीतर चार नई एंबुलेंस ऑन रोड हो गईं जबकि ऑपरेशन थिएटर में एयर कंडीशनर भी स्थापित कर दिया गया। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सुंदरीकरण का कार्य भी पूरा कर लिया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की औपचारिकताएं पूरी होते ही चारों एंबुलेंस को सेवा में शामिल कर लिया गया। इससे जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। अब स्वास्थ्य विभाग के पास एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) सहित कुल 33 एंबुलेंस उपलब्ध हैं जिससे गंभीर मरीजों तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाना आसान होगा।
लंबे समय से ऑपरेशन थिएटर में एयर कंडीशनर लगाने की मांग भी पूरी हो गई है। इससे ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और संक्रमण नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर अस्पताल परिसर के बाहरी हिस्से का सुंदरीकरण, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त की गईं।
जनसभा के बाद स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने जिला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण कर तैयारियों और समयबद्ध कार्यों की सराहना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के प्रबंधन और समन्वय की प्रशंसा करते हुए टीम का उत्साहवर्धन किया।
वर्जन
प्रधानमंत्री के दौरे के लिए विकसित की गई सुविधाओं का लाभ अब नियमित रूप से अस्पताल आने वाले हजारों मरीजों को मिलेगा। ऑन रोड हुई नई एंबुलेंस, ऑपरेशन थिएटर की आधुनिक सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होंगी।
-डॉ. सुमन कोहली, सीएमओ नागरिक अस्पताल जींद