नई तकनीक की हाइड्रोजन की झलक पाने को स्टेशनों पर जुटे लोग, खींचा सबका ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन (74009/10) का जींद-सोनीपत रेलमार्ग पर रविवार से नियमित संचालन शुरू हो गया। आधुनिक तकनीक और आकर्षक डिजाइन वाली यह ट्रेन पहले ही दिन लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बन गई।
जींद जंक्शन से लेकर सोनीपत तक सभी रेलवे स्टेशनों पर लोग हाइड्रोजन ट्रेन की झलक पाने के लिए पहले से ही पहुंच गए थे। कई परिवार बच्चों के साथ स्टेशन पहुंचे, वहीं युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही लोगों ने मोबाइल कैमरों से तस्वीरें खींचीं और सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैद किया।
रविवार को पहले दिन जींद से 20 यात्रियों ने हाइड्रोजन ट्रेन में सफर किया। सुबह निर्धारित समय से पहले ट्रेन यार्ड से निकलकर जींद जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची तो यात्रियों और रेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ट्रेन के आधुनिक लुक और आकर्षक बाहरी डिजाइन को देखने के लिए प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ जुट गई।
करीब 25 मिनट तक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग केवल ट्रेन को देखने और उसकी तस्वीरें लेने के लिए स्टेशन पहुंचे। कई लोगों ने ट्रेन के साथ सेल्फी भी लीं।
हाइड्रोजन ट्रेन सुबह 7:40 बजे जींद जंक्शन से रवाना हुई और 9:40 बजे सोनीपत पहुंची। वापसी में यह ट्रेन सुबह 10:40 बजे सोनीपत से चली और दोपहर एक बजे जींद पहुंची। हाइड्रोजन ट्रेन का नियमित रखरखाव भी तय कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। आवश्यक होने पर ट्रेन को दिल्ली के शकूरबस्ती डिपो भेजा जाएगा।
बाक्स
हाइड्रोजन ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इसका किराया सामान्य पैसेंजर ट्रेन के समान रखा गया है। जींद से सोनीपत तक टिकट केवल 25 रुपये का होगा। पहले दिन लोगों में ट्रेन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।-
दिनेश कुमार, जेई, हाइड्रोजन ट्रेन
बाक्स
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन में सफर करना मेरे लिए गर्व की बात है। मैं सोनीपत जा रहा हूं। इस आधुनिक ट्रेन में यात्रा का अनुभव काफी अच्छा लग रहा है। यह एक नई और यादगार शुरुआत है।-
विपिन, यात्री
बाक्स
हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन को लेकर लंबे समय से इंतजार था। मेरी इच्छा थी कि मैं इसमें सफर करूं। इसी उत्साह के चलते मैंने ट्रेन में यात्रा करने का फैसला किया। यह मेरे लिए एक यादगार अनुभव है।
- सोनू, यात्री
19जेएनडी11- विपिन।
19जेएनडी11- विपिन।
19जेएनडी11- विपिन।