जींद। जिला जेल में सजा काट रहे एक कैदी पर हमला करने के चार आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कैदी पर हमला करने के आरोप में कुलदीप, जतिन, संगम और मोहन को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां अदालत के आदेश पर चारों को जिला जेल भेज दिया है।
रामगढ़ गांव के परमजीत ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह जेल में दो साल की सजा काट रहा है। 25 मई को हिसार जिला के पनिहारी निवासी कुलदीप से उसकी कहासुनी हो गई थी। 27 मई को जब वह जेल की कैंटीन से सामान ले रहा था तो पिंडारा गांव के संगम, अलेवा गांव के मोहन और नरवाना निवासी जतिन ने उसके साथ मारपीट की। कुलदीप ने उस पर नुकीली चीज से हमला कर दिया था। जांच अधिकारी एचसी महाबीर प्रसाद ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत के आदेशों पर जेल भेज दिया है।