सफीदों। शहर की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को पूर्व पार्षदों ने एसडीएम डॉ. आनंद कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा। पूर्व पार्षद नरेश जांगड़ा, मुकेश थनई, गुगा सैनी व विकास गुप्ता ने कहा कि कुछ मुख्य समस्याओं को लेकर वह कई बार सफीदों प्रशासन से मिले हैं लेकिन आजतक इनका समाधान नहीं हुआ। यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोगों के साथ पूर्व पार्षद आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
जांगड़ा ने कहा कि पानीपत रोड सफीदों शहर का मुख्य मार्ग है। पिछले दो साल से शहर के अंदर इस सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इस कारण आए दिन कोई न कोई सड़क हादसा हो रहा है। इस रोड पर उड़ती धूल के कारण लोग व दुकानदार बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। अस्थमा से पीड़ित कई लोगों की मौत भी हो चुकी है। पानीपत रोड पर स्थित बीआरएसके स्कूल से लेकर बड़े पावर हाउस तक दोनों साइड नालों का निर्माण कराया जाए ताकि इस रोड पर स्थित कॉलोनी के पानी की निकासी हो सके। बीआरएसके स्कूल में लोग सुबह बच्चों को छोड़ने जाते हैं लेकिन यू टर्न काफी दूर होने के कारण लोग गाड़ी और बाइक गलत दिशा से लेकर जाते हैं, जिस कारण हादसे होने की संभावनाएं बनी रहती हैं। स्कूल के आसपास एक यू-टर्न बनाया जाए।
वहीं सरला देवी मेमोरियल कन्या कॉलेज वाले रास्ते के पानी की निकासी नहीं होने के कारण हालात बहुत खराब हैं। दूरदराज के गांवों से आने वाली लड़कियों को कॉलेज आने-जाने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। रेलवे स्टेशन से गैस एजेंसी गोदाम रोड, खानसर चौक से नया बस स्टैंड वाले रास्ते, असंध रोड, जींद बाईपास, खेड़ा खेमावती बस स्टैंड पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इन सभी प्रमुख रास्तों की तत्काल मरम्मत और पानी की निकासी का प्रबंध करना जरूरी है। नहर पुल पर बना डिवाइडर भी हादसों को न्योता दे रहा है। पुराने बस स्टैंड पर नए सार्वजनिक शौचालय बन चुके हैं लेकिन पुराने वाले शौचालय उसी प्रकार खड़े हैं, जहां पर सफाई व्यवस्था नहीं है। इन पुराने शौचालयों को वहां से हटाना जरूरी हो गया है। इन समस्याओं पर उन्होंने इसी वर्ष 16 जून को नगरपालिका सचिव को मांग पत्र दिया था, लेकिन पालिका की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने प्रशासन से इन समस्याओं के तुरंत समाधान की मांग की।