नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगाते धरोदी गांव के लोग। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। गांव गुरुसर में शराब ठेके कारिंदे की हत्या के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शाम पांच बजे गांव के पास दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसकी सूचना पाकर सदर थाना प्रभारी सत्यपाल मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाया। जिस पर सोमवार शाम पांच बजे तक का अल्टीमेटम देते हुए उन्होंने एक घंटे बाद जाम खोल दिया।
मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने कहा कि यदि सोमवार शाम पांच बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह सदर थाना के सामने जाम लगाकर धरना शुरू कर देंगे। गांव गुरुसर में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब हरदीप गुरुसर वे वापस अपने गांव धरोदी जा रहा था तो अचानक मोड़ पर कुछ युवकों ने उसकी गाड़ी पर गोलियां चला दीं। गाड़ी की मोड़ पर स्पीड कम होने के कारण एक गोली सीधी गाड़ी के शीशे पर लगी। भागने में नाकाम होने पर गुरदीप गाड़ी से उतरकर एक घर में घुस गया। हमलावर भी उसके पीछे-पीछे घर में ही घुस गए। आरोपियों ने हरदीप के पीठ में गोली मारी। इसके बाद वह गिर गया और आरोपियों ने तीन गोलियां उसके सिर में मारीं। हरदीप ने इसके बाद मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजन घर ले जाने की बजाय गांव के पास ही नेशनल हाईवे पर लेकर बैठ गए। परिजनों ने मांग की कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। काफी देर तक यहां जाम लगा रहा। सदर थाना प्रभारी सत्यपाल सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों ने इसके बाद कहा कि यदि सोमवार शाम पांच बजे तक आरोपी गिरफ्तारी नहीं हुए तो वह थाने के सामने ही सड़क पर धरना लगाकर बैठ जाएंगे। इसके बाद ग्रामीणों ने शव को उठाया और गांव में ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया।