जींद। कांग्रेस के जिला महासचिव और शराब कारोबारी नवीन सांगवान से विदेशी नंबर से आई व्हाटसएप कॉल पर जान से मारने की धमकी देकर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में नवीन सांगवान ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का गुर्गा बताते हुए पांच करोड़ रुपये की मांग की। रकम न देने पर परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
उन्होंने यह रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने उसको जान से मारने की धमकी दी। धमकी के बाद पुलिस ने नवीन सांगवान की सुरक्षा बढ़ा दी है। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता को सुरक्षा मुहैया करवा दी गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम जांच कर रही हैं। साइबर पुलिस कॉल डिटेल की जांच में जुटी है।