दुकान से निकलतीं आग की लपटें। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। काठमंडी में स्थित एक लकड़ी की दुकान में सोमवार देर रात 12 बजे आग लग गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला पाया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया।
गांव अमरहेड़ी निवासी वजीर सिंह ने बताया कि उसने काठमंडी में लकड़ी के दरवाजे, चौखट, खिड़की बनाने की दुकान खोली हुई है। सोमवार रात को वह अपनी दुकान को सही तरीके से बंद करके घर आ गया था। देर रात 12 बजे उसके पास फोन आया कि उसकी दुकान में आग लगी हुई है। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसकी दुकान से आग की लपटें निकल रही थीं। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वजीर सिंह ने बताया कि जब आग बुझी तो उसकी दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जल चुका था। उसने कहा कि वह अपने परिवार का पालन पोषण इसी दुकान के सहारे चलाता था। अब उसके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।