जींद। सफीदों के सरफाबाद हांसी बुटाना नहर के साथ सरकारी जमीन पर वन विभाग के रखे सूखे पेड़ों को अज्ञात ने आग लगा दी। इससे 164 पेड़ जल गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ी पहुंची और उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सदर थाना पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ आगजनी का मामला दर्ज किया है।
वन राजिक अधिकारी सफीदों राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव सरफाबाद के पास सरकारी जमीन पर आंधी में टूटे हुए पेड़ों को रखा गया था। उनमें 20 मई को संदिग्ध हालात के चलते आग लग गई। मौके पर मौजूद कर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश भी की लेकिन आग फैलती चली गई। सूचना पर पहुंची दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जले हुए पेड़ों की कीमत लगभग दो लाख रुपये थी। जांच अधिकारी एचसी सचिन ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।