27जेएनडी17-अर्बन एस्टेट में खंभों पर लगे मीटरों में लगी आग। संवाद
जींद। अर्बन एस्टेट में रविवार दोपहर बाद खंभों पर लगे बिजली के मीटरों में आग लग गई। इसके बाद तेज धमाके हुए और आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मीटर और तार जलकर राख हो चुके थे। इससे अर्बन एस्टेट के कई घरों की बिजली बाधित हो गई। इस सूचना पर बिजलीकर्मी भी मौके पर पहुंचे और शाम तक बिजली को बहाल कर दिया गया।
रविवार दोपहर बाद अर्बन एस्टेट में अचानक खंभों पर लगे मीटरों में अचानक आग लग गई। आग से मीटरों में हुए धमाकों के कारण लोग बाहर निकले। लोगों का कहना था कि कॉलोनी के किसी अज्ञात ने बिजली मिस्त्री को बुलाया हुआ था। जब मिस्त्री मीटरों के साथ छेड़छाड़ कर रहा था तो अचानक आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों और मिस्त्री ने आग को बुझाने का भी प्रयास किया, लेकिन आग ज्यादा भड़क गई। इसके बाद आग की सूचना फायर ब्रिगेड और बिजली कर्मचारियों को दी। कॉलोनी के लोगों का कहना था कि खंभों पर 10-15 मीटर लगे हुए थे। आग के कारण सभी मीटर जल गए और कई घरों की बिजली भी गुल हो गई। हालांकि, बिजली कर्मचारियों ने शाम तक बिजली को बहाल कर दिया था, लेकिन मीटरों के जलने से निगम को भी काफी नुकसान हो गया।
बॉक्स
गाड़ियां और अन्य वाहन जलने से बचे
मीटरों में आग लगने की घटना के आसपास कई गाड़ियां और अन्य वाहन खड़े हुए थे। जैसे ही आग भड़की तो लोग अपने-अपने वाहन वहां से हटाकर दूर ले गए। अर्बन एस्टेट में रहने वाले लोग अधिकतर गाडिय़ां मकान के बाहर ही खड़ा करते हैं। घटना के समय भी दस-15 वाहन नजदीक खड़े थे। गनीमत रही कि आग किसी गाड़ी तक नहीं पहुंची। इससे पहले ही लोग अपनी-अपनी गाडिय़ों को घटनास्थल से दूर ले गए और गाडिय़ां आग की चपेट में आने से बच गई।
वर्जन
बिजली मीटरों के साथ छेड़छाड़ करने वाले मिस्त्री और अन्य लोगों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दी जाएगी। घटना के आसपास घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए जाएंगे।
-विकास मलिक, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम जींद