जींद। नरवाना शहर में एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने कंपनी के साथ 2.31 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर दी। मामले में शहर थाना पुलिस नरवाना ने अदालत के आदेश पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
कैपफिन कंपनी नरवाना के ब्रांच मैनेजर सुनील बिश्नोई ने अदालत में दायर याचिका में बताया कि हांसी जिला के गांव शेखपुरा निवासी रवि उनकी कंपनी में कर्मचारी था। 14 जून 2023 को उसने फतेहाबाद ब्रांच में फील्ड ऑफिसर के रूप में ज्वाइन किया था। उसका बाद में नरवाना तबादला कर दिया था।
रवि के पास ग्राहकों को ऋण देने से संबंधित सत्यापन कार्य एवं ऋण की किस्तों की वसूली का दायित्व था। तीन नवंबर 2025 को रवि ने 37 ग्राहकों से दो लाख 31 हजार 680 रुपये किस्तों में वसूले थे। फिर उसने इन पैसों का गबन कर दिया। शुरू में उसने कंपनी को आश्वस्त किया कि वह पैसे जमा करवा देगा लेकिन उसने पैसे जमा नहीं करवाया। बाद में उसने कंपनी से संपर्क भी तोड़ दिया।
उपमंडल न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने इस मामले में प्रारंभिक सुनवाई के बाद पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। जांच अधिकारी राजीव ने बताया कि इस मामले में आरोपी रवि के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।